चंदौसी। नरौली नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित बोर्ड की बैठक में 19.26 करोड़ के प्रस्ताव सर्व सम्मति से पास किए गए। खासकर सभी धार्मिक स्थलों के रास्तों पर प्रकाश की व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। इसके साथ ही बैठक में आय-व्यय का ब्योरा पेश किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष विट्टन मलिक की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में सभी वार्ड के सभासद व नामित सभासद मौजूद रहे। सभासदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को बैठक में रखा। इन समस्याओं को नोट किया गया। इस क्रम में नामित सभासद संजीव राघव, कमल दिवाकर एवं विनोद माली ने संयुक्त रूप से कहा कहा कि कस्बा के सभी वार्ड में एक समान विकास कार्य कराए जाने चाहिए। इसमें किसी भी तरह का पक्षपात नहीं होना चाहिए। कहा कि मंदिर, मस्जिद, श्मशान एवं कब्रिस्तान को जाने वाले रास्तों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जानी चाहिए।
इसके साथ ही मोहल्ला साहूकारा में स्थित कुआं का व तेली वाले कुआं से आगे श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण की मांग भी सभासदों की ओर से प्रमुखता से रखी गई। सभासद फहीम अहमद ने रजा कालोनी के विकास कार्य कराए जाने, कौशलेंद्र प्रताप ने अपने वार्ड में कुआं का सौंदर्यीकरण व पथ प्रकाश, रजत कश्यप व गुडडू दिवाकर ने सड़क की समस्या रखी। शहनाज जहां ने अपने वार्ड में पथ प्रकाश की व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
ईओ स्वेतांक सारस्वत ने सभी की मांगों को नोट करने के साथ ही बताया कि श्मशान घाट की सड़क, नाला निर्माण और पथ प्रकाश व्यवस्था के साथ ही अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे, जिन पर लगभग 19.26 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सबसे पहले कस्बा के अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराया जाएगा। इस दौरान राजीव कुमार, राममोहन, शादाब, गुलनाज, रिंकी, कंचन देवी, नसररीन, गुलचमन, निगहत परवीन व गुड्डो आदि सभासद भी मौजूद रहे।