संभल। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्री-बोर्ड परीक्षा की तिथियां तिथियां घोषित कर दी हैं। इसी के साथ जिले के राजकीय, एडेड और वित्तविहीन स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। यह परीक्षा 9 जनवरी से शुरू होकर 24 जनवरी तक चलेगी। प्रधानाचार्यों को इसके लिए आदेश दिए गए हैं।
डीआईओएस सर्वेश कुमार ने बताया कि संभल जिले में 51432 विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पंजीकृत हैं। जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों को दसवीं और बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा के आयोजन को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर 1:15 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होंगी। प्रश्नपत्रों का वितरण बनाए गए 114 परीक्षा केंद्रों से प्राप्त किया जाएगा। विद्यालयों से विषयवार छात्र-छात्राओं की जानकारी प्राप्त कर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएंगे।
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित तिथि पर प्रधानाचार्य स्वयं उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप पर विषयवार छात्र-छात्राओं की संख्या की सूचना लेकर प्रश्नपत्र प्राप्त करें। प्रश्नपत्र सुरक्षित अपने विद्यालय ले जाएं और संलग्न परीक्षा कार्यक्रम (स्कीम) के अनुसार प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित करें।
स्कीम में शामिल विषयों के अलावा अन्य विषयों की परीक्षा विद्यालय 22 जनवरी को अपने स्तर से प्रश्नपत्र तैयार कराकर आयोजित कराएंगे। डीआईओएस ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा नकल विहीन व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए।
00000
वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा माहौल उपलब्ध कराना उद्देश्य
प्री-बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा माहौल उपलब्ध कराकर बेहतर अभ्यास कराना है। प्री-बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र पैटर्न, अंक विभाजन और समय-सीमा पूरी तरह यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा के अनुरूप होगी। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव, समय प्रबंधन व प्रश्नों की प्रकृति को समझने में मदद मिलेगी।
कोट
परिषद ने प्री-बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस क्रम में विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि परीक्षा आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि प्री-बोर्ड परीक्षा अपने उद्देश्य को पूरा कर सके। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में आयोजित कराई जाएगी।
सर्वेश कुमार, डीआईओएस, संभल