संभल। असमोली पुलिस ने शुक्रवार की रात्रि चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर ओबरी में डकैती की साजिश रचते पांच बदमाशों को दबिश देकर पकड़ लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी की बाइक और दो स्कूटी समेत तमंचा और चाकू भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमें दर्ज हैं। दो पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया है।
असमोली पुलिस शुक्रवार की रात्रि चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि चार-पांच बदमाश ओबरी गांव में एक चौराहे पर खड़े हैं और किसी स्थान पर डकैती डालने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पांच लोग हिरासत में लिए गए। उन्होंने अपनी पहचान असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी निवासी सालिम, तंजीम, जुनैद, मुरादाबाद के थाना मझौला अंतर्गत मियां कालोनी पीर बाजार निवासी इमरान और मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव मुंडी मिलक निवासी शुऐब के रूप में कराई। थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक और दो स्कूटी बरामद हुई है। तलाशी के दौरान दो तमंचे, कारतूस और चाकू मिले हैं। थाना प्रभारी के अनुसार तंजीम और शुऐब के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज हैं।