गवां(संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंघौली पूर्वी मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर ग्रामीणों ने मिलावटी डीजल बेचने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि ट्रैक्टर तेल डलवाने के बाद कुछ ही दूरी चलकर बंद हो गया। हंगामा बढ़ता देख कर्मचारी भाग निकले। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने मामले को शांत कराया।
भैसरोली गांव के निवासी नरेश ने बताया शुक्रवार उन्होंने सिंघौली पूर्वी मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप से ट्रैक्टर में डीजल भरवाया था। कुछ ही किलोमीटर चलने के बाद ट्रैक्टर बंद हो गया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना पर गुन्नौर के उपजिलाधिकारी रामकेश सिंह धामा और पुलिस क्षेत्राधिकारी डीके शर्मा मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी कुलदीप जैन को बुलाकर डीजल का सैंपल भरवाया है।
एसडीएम ने बताया कि डीजल में मिलावट की सूचना पर पहुंचे थे। सैंपल ले लिया है। जांच कराई जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री पर रोक लगा दी है।
वहीं पेट्रोल पंप स्वामी अवधेश का कहना है कि पेट्रोल में जंक रोधी केमिकल डाल जाता है। वह केमिकल सेल्समैन ने गलती से डीजल के टैंक में डाल दिया। इसी के चलते कुछ समस्या हुई है। मिलावट करने की बात गलत है।