संभल। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2021) का आयोजन जिले के बीस परीक्षा केंद्रों पर होगा। दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 के बीच जबकि द्वितीय पाली तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। कुल 16991 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि में कोई फोटो स्टेट की दुकान नहीं खुल सकेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से पहले कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों को चार अंक के परीक्षा केंद्र कोड की जानकारी देंगे। जिसे अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिका पर भरना होगा। परीक्षा में सर्जिकल मास्क पहनकर ही अभ्यर्थी शामिल हों। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।
हर परीक्षा कक्ष की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग व टेलीकास्टिंग होगी। अभ्यर्थियों को जूते पहनकर परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा में न सिर्फ संभल जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे बल्कि कई जिले के अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों के क्रम में दिनभर आवाजाही का माहौल रहा। परीक्षा केंद्र से जुड़े कर्मचारी अपनी तैयारी करते नजर आए तो ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारी भी परीक्षा केंद्र देखने के लिए संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे।