संभल। नगर के मोहल्ला हिलाली सराय में पिछले बारह दिनों से विद्युत सप्लाई न मिलने के कारण लोगों का धैर्य जवाब दे गया। गुस्साए लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ बिजलीघर पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। साथ ही समस्या का समाधान कराए जाने की मांग करते हुए अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र दिया है।
मोहल्ला हिलाली सराय में पिछले बारह दिनों से 100 घरों में अंधेरा है। कई बार शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं हो सका। जिससे परेशान होकर मोहल्ले के लोग बिजलीघर पर पहुंचे और वहां उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया है। अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र में विद्युत सप्लाई सुचारु किए जाने की मांग की है। कहा है कि ट्रांसफार्मर के जर्जर तारों में आए दिन फाल्ट होता रहता है।
ओवर लोडिंग के चलते तार जलकर टूट चुके हैं। कई बार लोगों ने चंदा करके तारों को ठीक करा दिया था, लेकिन जर्जर होने के कारण बिजली नहीं मिल पा रही। भीषण गर्मी के चलते बच्चों व महिलाओं का बुरा हाल हो चुका है।
पानी की समस्या पैदा हो गई। समस्या का समाधान कर विद्युत आपूर्ति सुचारुकिए जाने की मांग की है। इस दौरान मोहम्मद जफर, आसमां परवीन, वसीमा, अनीसा, उम्मे कुलसुम, जीनत, इंशा, परवीन, शबनम, फात्मा, यासमीन, भूरा, नफीस, नदीम, उवैस, मोहम्मद कमर, मोहम्मद बिलाल, मुन्ना, नूर आलम आदि मौजूद रहे।