चंदौसी के रामस्वरूप रोड पर पाइप लाइन डालने को खोदी गई सड़क। संवाद
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। शहर में पेयजल पाइप लाइन डालने को जल निगम के कर्मचारियों ने सड़कें खोद दी है। इससे हालात काफी खराब हो गए। खुदी सड़कों के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। गली-मोहल्लों में खुदी सड़कों से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। जल निगम के कर्मचारी पेयजल पाइप लाइन डालने के बाद ऊपर से मिट्टी डालकर छोड़ देते हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
शहर में जल निगम के कर्मचारियों द्वारा पेयजल पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। इसलिए रामस्वरूप रोड, गोशाला रोड, शक्ति नगर, होली मोहल्ला, कागजी मोहल्ला, स्टेशन रोड सहित अनेक स्थानों पर सड़कों की खुदाई का कार्य किया जा रहा है। खुदाई के बाद सड़कों पर मिट्टी पड़ी होने से नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हो गए है कि नागरिकों को पैदल चलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरी गलियों में खुदाई के बाद मिट्टी पड़ी होने से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। सड़क की खुदाई होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना वाहन चालकों को करना पड़ रहा है। जल निगम के कर्मचारी पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत करने के स्थान पर ऊपर से मिट्टी डालकर छोड़ देते हैं।