संभल। सोमवार को जिला अस्पताल में 512 मरीजों की ओपीडी रही। बुखार के 153 मरीजों में 23 बच्चे शामिल थे। दरअसल, मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों में बुखार की समस्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में पहुंचने वाला हर दूसरा मरीज बुखार पीड़ित है। कभी तेज धूप और कभी बरसात से बीते दिनों से मौसम में हो रहे लगातार परिवर्तन के कारण इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
बदलते मौसम के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। जिसके चलते मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों ने बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच भी कराई।
इसमें डेंगू की 5 जांचे की गईं। सभी नेगेटिव आईं। टायफाइड की 16 व मलेरिया की 16 जांच की गईं। जिसमें 1 मरीज में मलेरिया की पुष्टि हुई है। शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में मच्छर जनित बीमारी भी बढ़ रही है। लोग मलेरिया के शिकार भी हो रहे हैं।