बहजोई। बुलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी ली। हादसा हाईवे पर गांव अचलपुर के निकट हुआ।
बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव अचलपुर के निकट एक बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार अरबाज पुत्र कासिम व उसका साथी सलमान पुत्र अनवार निवासी गांव गढ़ी-बिचौला थाना धनारी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्साधिकारी ने युवक अरबाज (26) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर घायल सलमान को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक अरबाज अपने पड़ोस के साथी सलमान के साथ थाना बनियाठेर के गांव जनेटा गया हुआ था। दोपहर बाद घर लौटते समय गांव अचलपुर के निकट हादसे में अरबाज की जान चली गई। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र त्यागी का कहना था कि तहरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।