बहजोई। स्टेट हाईवे से लेकर राजपुर गांव तक करीब डेढ़ किलोमीटर के संपर्क मार्ग की सड़क कई महीने से जर्जर व खस्ताहाल है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इससे राजपुर समेत आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किल हो रही है।
स्टेट हाईवे पर बहजोई-संभल के बीच गांव राजपुर का संपर्क मार्ग करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा है। यह सड़क बीते कई महीनों से जर्जर व खस्ताहाल है। सड़क में बीच-बीच में गड्ढे भी बने हुए हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किल तो होती ही है, साथ ही बारिश के दिनों में सड़क में बने गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे का भी खतरा बना रहता है।
ग्राम प्रधान पंकज शर्मा का कहना है जर्जर सड़क को ठीक कराने के लिए सचिव से बातचीत की जाएगी। वहीं जेई पीडब्ल्यूडी राजीव कुमार चौहान का कहना है कि वह पहले सड़क को दिखवाएंगे। इसके बाद मरम्मत के लिए प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।