जुनावई/चंदौसी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कृषि अधिकारियों ने जिले में खाद की दुकानों पर छापा मारा। टीम को देखकर कुछ दुकानदार शटर बंद कर गायब हो गए। टीम ने जिले में खाद के तीन नमूने भरे हैं तथा दुकान बंद मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस भी भेजा है।
गुन्नैर तहसील में एसडीएम रामकेश धामा, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह, एआर कॉपरेटिव ने खाद की दुकानों का छापा मारा। टीम ने तहसील की रजपुरा क्षेत्र में सूरज खाद एवं बीज भंडार, पाठक एजेंसी बहजोई रोड बवैना, हयात नगर में भारतीय कृषि रक्षा केंद्र तीनों स्थानों से डीएपी का नमूना भरा है। टीम को देखकर कई दुकानदार शटर बंद गायब हो गए।
दुकान बंद मिलने पर मैसर्स बीज भंडार रजपुरा, राधे कृषि बीज भंडार पवांसा, प्रदीप खाद भंडार रजपुरा सहित तीनों दुकानदारों को खिलाफ नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा चंदौसी तहसील क्षेत्र में एसडीएम राजपाल सिंह, उप कृषि निदेशक हीरा सिंह ने छापा मारा। उन्होंने मैसर्स फर्टिलाइजर्स बहजोई से डीएपी का नमूना भरा। इसके अलावा मैसर्स कृषक सेवा केंद्र बहजोई, रामकुमार खाद भंडार बहजोई की दुकान बंद मिलने पर नोटिस भेजा गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। दुकानदारों एवं ग्राहकों से उर्वरक सामान खरीदने की रसीद की भी जांच की गई। सभी स्थानों पर ग्राहकों को रसीद साथ में दी जा रही थी। जिन दुकानदारों की दुकानें बंद मिली थीं, उन्हें नोटिस जारी किया गया, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
ओंकार सिंह, जिला कृषि अधिकारी, संभल