धनारी। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत केंद्रीय सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय की राष्ट्रीय एमएसएमई अभियान यात्रा को गांव भिरावटी से मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गुलाब देवी व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। इस मौके पर राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा, देश के नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
एमएसएमई अभियान से जुड़ा एक दल 3500 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण करने के बाद बुधवार को गुन्नौर तहसील के भिरावटी गांव पहुंचा। यहां जनप्रतिनिधियों के साथ योजनाओं का प्रचार प्रसार किया और लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। जिसमें सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय की ओर से दी जा रही सहूलियत के चलते आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
मंत्रालय के निदेशक हरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस सेक्टर में लोगों को सबसे अधिक रोजगार मिल रहे हैं। इसके सृजन से आत्मनिर्भरता की ओर एक और कदम बढ़ रहा है। इस अवसर पर निदेशक हरीश यादव, प्रवीण दुबे, मंजरी कुमारी, डॉ. टीएस पाल, विजय यादव, चंद्रसेन दिवाकर, विपिन यादव, अवधेश प्रताप सिंह, उमा कुमारी, जीत पाल सिंह, जिम्मी खां, ममता, प्रकाश, प्रियांशु आदि मौजूद रहे।