बहजोई। अब जिले के 308 परिषदीय विद्यालयों के बच्चे टाट-पट्टी छोड़कर बेंचों पर बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए शासन स्तर से हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही तकनीकी व कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालयों को फर्नीचर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
कार्यवाहक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बीती 5 मार्च 2021 को अपर मुख्य सचिव से परिषदीय विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने को लेकर पत्र जारी किया गया था। इसको लेकर वर्ष 2018 की छात्र-संख्या के आधार पर जिले के 308 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में 475 परिषदीय विद्यालयों में से 95 विद्यालयों में पहले से ही फर्नीचर उपलब्ध कराया जा चुका है। शेष 72 विद्यालयों को फर्नीचर उपलब्ध कराने को लेकर शासन के आदेश मिलने पर विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। बीएसए ने बताया कि फर्नीचर मिलने के बाद इन विद्यालयों के बच्चे टाट-पट्टी छोड़कर बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे।