संभल। तीन बच्चों की मौत मामले में ईंट भट्ठे के मालिक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई एक बालक के पिता की तहरीर के आधार पर की गई। लेखपाल ने गड्ढे की गहराई का आंकलन किया तो 27.5 फीट गहरा गड्ढा मिला है। इस गड्ढे से जाहिर हो गया है कि अवैध खनन किया गया। जबकि ईंट भट्ठे के लिए भी एक मीटर ही खुदाई करने की अनुमति होती है। ग्रामीणों में तीन बच्चों की मौत के बाद रोष है। आरोपी ईंट भट्ठा मालिक की अभी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पुलिस का दावा है जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
शुक्रवार को मिलक शाहपुर चमारान निवासी सर्वेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस ने गांव शाहपुर चमारान निवासी ईंट भट्ठा स्वामी शब्बीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मालूम हो हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मिलक शाहपुर चमारान निवासी भयंकर सिंह के 12 वर्षीय बेटे निर्भय, 10 वर्षीय बेटी श्रद्घा और सर्वेंद्र के आठ वर्षीय बेटे युग की गुरुवार की शाम ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ था जब यह तीनों बच्चे शाम के समय खेलने के लिए घर से निकले थे। जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो निर्भय और श्रद्धा के पिता भयंकर सिंह ने तलाश करना शुरू किया। गांव के बाहर स्थित एक ईंट भट्ठे के गड्ढे के नजदीक भयंकर सिंह पहुंचे तो तीनों बच्चों की चप्पल रखी थीं और बच्चे आसपास कहीं नहीं थे। जब ग्रामीणों की मदद से तलाश की तो तीनों बच्चों के शव मिले। निर्भय और श्रद्धा सगे भाई थे। युग इन बच्चों का चचेरा भाई था। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने ईंट भट्ठा स्वामी की लापरवाही माना और प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठाई। इसी क्रम में सर्वेंद्र की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।