बहजोई (संभल)। ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले लीग मैच मुकाबले में मुरादाबाद की टीम ने नोएडा की टीम को 70 रनों से हराकर जीत हासिल की।
सोमवार को कलक्ट्रेट के निकट बड़ा मैदान पर दोपहर करीब 12 बजे स्वर्गीय कुलदीप कुमार टीटू मेमोरियल ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के 18 वें संस्करण के पहले लीग मैच मुकाबले का शुभारंभ जिलाधिकारी संजीव रंजन ने फीता काटकर किया। इस बीच डीएम ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से औपचारिक परिचय करने के बाद मैदान पर दो गेंदें भी खेलीं। इस बीच मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी समेत प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना, पूर्व दर्जा मंत्री मंजू दिलेर चौहान, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र बादशाह व पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू भी मौजूद थे।
पहले लीग मैच का टॉस एमपीएस क्रिकेट एकेडमी मुरादाबाद की टीम ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुरादाबाद की टीम ने तय 20 ओवर खेलते हुए 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी ग्रीन पार्क क्रिकेट एकेडमी नोएडा की टीम मात्र 18.1 ओवर में 92 रन बनाकर ही ऑल आउट हो गई। इस तरह मुरादाबाद की टीम ने 70 रनों से मैच जीत लिया।
इस मुकाबले में 33 रन बनाकर तीन विकेट झटकने वाले मुरादाबाद के खिलाड़ी शाहिद को मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। अंपायर पुष्पेंद्र सिंह समेत मनीष सतूले व वेदव्रत यादव रहे। कमेंटरी सुशील कुमार शर्मा छोटू व स्कोरिंग राजू शर्मा ने की।