संभल। दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। उप जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी ने गांव पहुंचकर जानकारी हासिल की। विवाहिता के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हयातनगर के मोहल्ला आंबेडकर के निवासी अमरीश ने बहन राखी की शादी दो साल पहले नखासा थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर सुनवारी गांव निवासी सुलेंद्र के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर रहे थे। एक लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। अमरीश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि शुक्रवार को दोपहर में करीब दो बजे राखी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर उपजिलाधिकारी रमेश बाबू और नखासा थाना के प्रभारी ओमकार सिंह गांव पहुंचे और परिजनों से जानकारी हासिल की। पुलिस का कहना है कि राखी के भाई अमरीश की तहरीर के आधार पर पति सुलेंद्र, सास, ससुर और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।