संभल/चंदौसी। जिले की चारों विधानसभा सीटों में से मात्र चंदौसी की सीट भाजपा के हिस्से में आई है। बाकी शेष तीनों सीटों पर सपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। चंदौसी से विधायक गुलाब देवी फिर निर्वाचित हुई हैं। संभल सीट पर सपा के इकबाल महमूद ने जीत दर्ज की है। असमोली से भी सपा प्रत्याशी पिंकी यादव फिर विजयी रहीं हैं। वहीं गुन्नौर में सपा ने बाजी पलटी है। सपा के रामखिलाड़ी सिंह ने भाजपा के अजीत कुमार राजू को हराकर इस चुनाव में 2017 के चुनाव के मुकाबले जिले में सपा को एक सीट की बढ़त दिला दी है।
बृहस्पतिवार को बहजोई के वेयर हाउस में सुबह करीब आठ बजे से चारों विधानसभा सीटों की मतगणना शुरू हुई। चंदौसी में शुरूआत से ही भाजपा प्रत्याशी गुलाब देवी बढ़त बनाई रहीं। उन्होंने कुल 112890 मत प्राप्त किए। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी विमलेश कुमारी को 35ए367 मतों से हराया। तीसरे स्थान पर बसपा के रणविजय सिंह रहे। उन्हें 30481 वोट मिले हैं।
वहीं गुन्नौर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार उर्फ राजू अपनी सीट नहीं बचा पाए। गुन्नौर सीट को मुलायम व सपा का गढ़ माना जाता है। मुलायम सिंह भी दो बार निर्वाचित हो चुके हैं। इस चुनाव में सपा के रामखिलाड़ी यादव को 123969 वोट मिले हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार राजू को 29529 वोटों से हरा पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले जिले में भाजपा के खाते में एक सीट कम कर दी है। भाजपा के अजीत कुमार राजू को 94440 वोट मिले हैं। इसके अलावा बसपा के फिरोज को 15068 वोट मिले हैं।
संभल विधानसभा सीट से इकबाल महमूद और भाजपा के राजेश सिंघल के बीच शुरू के कुछ समय तक वोटों को लेकर मुकाबला दिखा। इसके बाद धीरे-धीरे सपा के इकबाल महमूद बढ़त बनाते चले गए। इकबाल महमूद 107073 वोट हासिल कर लगातार छठी बार विधायक बने हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंघल को 65376 वोट मिले। इकबाल महमूद ने जिले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने राजेश सिंघल को 41697 वोटों से हराया। तीसरे नंबर पर बसपा के शकील अहमद रहे। उन्हें 44443 वोट मिले।
असमोली सीट से पिंकी यादव को 111652 वोट मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह को 25206 वोटों से हराया है।
जिले में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हो गया है। मतदान और मतगणना के दौरान पूरी तरह शांति बनी रही। इसमें अधिकारी और कर्मचारियों का पूरा सहयोग रहा है। पुलिस. प्रशासन की प्राथमिकता भी यही थी।
संजीव रंजन, जिलाधिकारी, संभल
पुलिस ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने में पूरा सहयोग किया है। बाहर से आई फोर्स ने भी पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी की। जिले की पुलिस के साथ बाहर से आई फोर्स की मुस्तैदी के चलते ही शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव व मतगणना संपन्न हुई है। सभी पुलिसकर्मियों को गुड एंट्री मिलेगी।
चक्त्रस्ेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल