नरौली पुलिस चौकी के गांव मऊ अस्सू में शनिवार की रात ढ़ाटाबंद डकैतों ने परिजनों को बंधक बनाकर तीन घरों से सोलह हजार की नगदी व डेढ़ लाख के जेवरात लूट ले गए। इस दौरान एक महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। तहरीर के बाद तीसरे दिन भी पुलिस वारदात की जानकारी लेने गांव नहीं पहुची।
नकाबपोश करीब नौ बदमाशो शनिवार की रात ग्राम मऊ अस्सू के तीन घरों में जमकर कहर बरपाया। रात करीब साढ़े बारह बजे सशस्त्र डकैत गांव में घुस आए। सबसे पहले सूखे पुत्र मुहम्मद नूर के घर में घुसे। आहट सुनकर पत्नी जैतून जागी तो उसके टोकने पर डकैतों ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान जैतून ने शोर भी मचाया। लेकिन किसी ने भी हिम्मत नहीं जुटाई। डकैत सूखे के घर से तीन हजार की नगदी कब्जे में कर ली। तीन डकैत सूखे के घर पर ही रुक गए।
शेष पड़ोस में कल्लू पुत्र रफीक के घर पर पहुंच गए। एक डकैत दीवार कूदकर अंदर घुस गया और दरवाजा खोल दिया। सभी डकैत अंदर घुस आए। एक ने कल्लू के सीने पर तमंचा रख दिया। इनके घर से डकैत चांदी का टीका, चांदी का हार, सोने की जंजीर, चांदी के पांच रुपये व दो हजार रूपये नगद कब्जे में कर लिए। दो बदमाश यहां भी रह गए । चार बदमाश कल्लू की छत से होते हुए पीछे पड़ोसी फिरासत हुसैन पुत्र मियांजान के घर में घुस गए।
जीने का दरवाजा न खुलने पर उसे तोड़ दिया। तंमचा दिखाकर फिरासत हुसैन से कमरे व बक्से की चाभी हथिया ली। सूटकेस में रखे आठ हजार रूपये व बक्से में रखी सोने की तीन लोंग, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक घड़ी कब्जे में कर ली। फिरासत के घर आए रिश्तेदार ग्राम बुद्धनगर खडुआ निवासी मुश्ताक अली की जेब से 3470 रुपये निकाल लिए। बदमाश करीब दो घंटे तक तीन घरों में लूटपाट करते रहे।
लेकिन मदद के लिए कोई ग्रामीण नहीं पहुंचा। रविवार को ग्रामीणों ने वारदात की तहरीर नरौली पुलिस चौकी में दी। वारदात के तीसरे दिन भी पुलिस ने गांव जाना उचित नहीं समझा और न कोई जानकारी ली। लूट की वारदात से ग्रामीणों में दहशत है। नरौली पुलिस चौकी प्रभारी ने इस तरह की घटना के संज्ञान में होने से इनकार किया है।