भार अधिक हो जाने के कारण लिफ्ट का ग्राउंड टीनशेड टूट गया और सभी फिसलकर नीचे आ गिरे। हादसे में घायल शिक्षिका ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दुकान स्वामी और स्टाफ ताला लगाकर भाग गए। शाम को पुलिस ने ताला कटवाकर अंदर का मुआयना किया।
गुरुवार दोपहर 12:40 बजे चंदौसी की घास मंडी स्थित संदूक अलमारी के करोबारी के जुगाड़ ने रामपुर के पटवाई में पादरी के पद पर तैनात आशुतोष सैमुअल का परिवार तबाह कर दिया। गुरुवार को घास मंडी स्थित संदूक, अलमारी का कारोबार करने वाले कारोबारी पंकज वार्ष्णेय (भगत जी) के प्रतिष्ठान पर चंदौसी के नवादा जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका और पादरी आशुतोष सैमुअल की पत्नी नीता उर्फ रिंकी सैमुअल (35) अलमारी खरीदने गईं।
उनके साथ उनके मकान मालिक फेडरिक जॉनसन और दो बच्चे भी आए थे। बताते है कि शिक्षिका नीता, उनके पिता फेडरिक जॉनसन, दोनों बच्चे पहले तो जीने से चौथी मंजिल पर अलमारियां देखकर वापस लौट आई लेकिन बाद में पसंद की अलमारी देखने की फिर इच्छा जाहिर की तो दुकान स्वामी पंकज वार्ष्णेय के साथ चारों एक बार फिर ऊपरी मंजिल के लिए जुगाड़ वाली लिफ्ट पर सवार होकर चल दिए। भार अधिक होने के कारण जुगाड़ वाली लिफ्ट का एक लोहे का तार टूट गया। संतुलन बिगड़ा तो नीचे का टीनशेड टूट गया।
शिक्षिका नीता सैमुअल, दो मासूम बेटे नीशू (08) व वनी (02) फेडरिक जॉनसन (75) और कारोबारी पंकज वार्ष्णेय नीचे आ गिरे। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरने की जोरदार आवाज और चीख पुकार की आवाज सुनकर आस पास मौजूद प्रजीत लालू व अन्य व्यापारी और राहगीर मौके की ओर दौड़े। घायलों को निजी चिकित्सक के क्लीनिक में भर्ती कराया। कारोबारी पंकज वार्ष्णेय का इलाज शुरू कर दिया। शिक्षिका नीता सैमुअल, दोनों मासूम नीशू व वनी और शिक्षिका के मकान स्वामी फेडरिक जॉनसन को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद में इलाज के दौरान शिक्षिका नीता की मौत हो गई। मासूमों और उनके पिता की स्थिति गंभीर बनी हुई है।