आज स्कूलों में छुट्टी ,परीक्षाएं यथावत कराई जाएंगी
प्रधानमंत्री की ओर से विकासखंड असमोली के ऐचोंड़ा कंबोह में कल्कि धाम के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर 19 फरवरी को स्कूलों में शिक्षण कार्य नहीं होगा। जिले में संचालित सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों समेत सीबीएसई बोर्ड, मदरसा बोर्ड, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, संस्कृत बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।
जानकारी देते हुए डीएम मनीष बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक आदि अधिक होने से विद्यालय आने में छात्र-छात्राओं को मुश्किल न होने पाए, इसको लेकर छात्र हित में इन विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित किया गया है। इस संबंध में सूचना भी दे दी गई है।
अगर संभव हो, तो इन विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों में सीबीएसई, मदरसा व संस्कृत गृह परीक्षाएं संचालित हैं। वह संचालित रहेंगी। इस संबंधि में संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। इसी क्रम में व्यवस्थाएं रहेंगी।
भाजपा के मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई बसों की जिम्मेदारी
श्री कल्कि धाम मंदिर शिलान्यास व पीएम मोदी की सभा में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भाजपा द्वारा मंडल अध्यक्षों को भी सौंपी गई है। मंडल अध्यक्षों की देखरेख में बस प्रमुख बनाए गए हैं। बस इन्हीं की देखरेख में पीएम मोदी की सभा में शामिल होने जाएंगी। एंचोड़ा कंबोह में पीएम मोदी की सभा के लिए 233 बसों को अधिगृहीत किया गया है।
इन बसों से भीड़ एकत्र कर सभा स्थल तक ले जाने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है। साथ ही उन सभी भीड़ व बसों की अनुमानित संख्या मांगी गई है। जिस बूथ अथवा गांव में बस को खड़ा किया जाएगा, उसी क्षेत्र से दो व्यक्तियों को बस प्रमुख व सह प्रमुख बनाकर जिम्मेदारी दी गई है। सुबह छह बजे ही बस निर्धारित स्थानों पर पहुंच जाएगी और लोगों को लेकर शिलान्यास कार्यक्रम व सभा स्थल पर पहुंचेगी।
पुलिस ने टैक्सी और कारों को किया अधिगृहीत
श्री कल्किधाम मंदिर के शिलान्यास व पीएम मोदी की सभा को लेकर बरेली रेंज की पुलिस फोर्स रहेगी। पुलिस फोर्स को सभा स्थल तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने वाहनों को हायर किया है। टैक्सी, कार आदि वाहनों को अधिगृहीत किया है तथा उन्हें पुलिस को सभा स्थल तक ले जाने की जिम्मेदारी दी गई है।