कोतवाली क्षेत्र के मारवाड़ी मोहल्ले में मंगलवार की रात नौ बजे रद्दी के एक गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन दल ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गोदाम स्वामी ने बताया कि आग से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली।
ब्रह्म बाजार के हाथी वाली गली निवासी हर्ष गुप्ता पुत्र नवल गुप्ता का मारवाड़ी मोहल्ले में रद्दी का गोदाम है। मंगलवार की शाम चार बजे हर्ष गुप्ता गोदाम में रद्दी उतरवाकर घर वापस आए थे। रात नौ बजे पड़ोसियों ने सूचना दी कि गोदाम से आग की लपटें निकल रही हैं। मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर हर्ष व नवल गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी। दस मिनट बाद ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर पानी की बौछार मारनी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम स्वामी हर्ष गुप्ता ने बताया कि गोदाम में आग उनके विरोधियों द्वारा लगाई गई है। आग से उन्हें पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम स्वामी द्वारा अज्ञात के विरुद्ध घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।