संभल। बरात रवानगी के समय हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली। दरोगा की तहरीर के आधार पर एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तमंचा भी बरामद हुआ है। मालूम हो संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय में रविवार की शाम बरात रवानगी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी। यह बरात दिल्ली जा रही थी।
फायरिंग के दौरान दूल्हा के पिता और मोहल्ला निवासी एक नौ वर्षीय बालक छर्रे लगने से घायल हो गया था। पुलिस को दूल्हा पक्ष की ओर से आतिशबाजी के दौरान घायल होने की जानकारी दी गई। हर्ष फायरिंग से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने छानबीन की तो एक युवक द्वारा हर्ष फायरिंग करने की बात सामने आई। चौधरी सराय पुलिस चौकी प्रभारी सुंदर लाल की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दरोगा ने बताया है कि छानबीन के दौरान दूल्हा के एक रिश्तेदार युवक द्वारा हर्ष फायरिंग करने की बात सामने आई थी। जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चौधरी सराय के मोहल्ला नाला निवासी असद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तमंचा भी बरामद किया है।