संभल। धोखाधड़ी के मामले में अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में अर्जी दिए जाने की जानकारी मिलने पर एक दरोगा भड़क गया। उसने मिलक सिरसी निवासी आरोपी सोनू से फोन पर गाली-गलौज की। अधिवक्ता के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अग्रिम जमानत के लिए आवेदन पर आपत्ति की। साथ ही उसे कोतवाली तलब किया। फोन पर दरोगा ने कहा कि बेहोश मत हो सोनू, एक घंटे में कोतवाली संभल न आया तो सबक सिखा देंगे। इसकी पूरी रिकार्डिंग सोनू ने अपने पास होने का दावा किया है। इस पर अब कार्रवाई की मांग की शिकायत की गई है।
संभल कोतवाली में 13 मार्च 2021 को मिलक सिरसी निवासी सोनू समेत 11 लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश से अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए सोनू ने अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन अर्जी दाखिल की जो प्रयागराज स्थित उच्च न्यायालय में लंबित है। इसी बीच सोनू के मोबाइल फोन पर सोमवार को दरोगा की कॉल पहुंचती है।
दरोगा ने सोनू से कहा कि उनसे संपर्क करने के स्थान पर हाईकोर्ट चले गए। जमानत की अर्जी पर भी तो आख्या उसे ही देनी थी। दरोगा ने सोनू और उसके परिवार वालों को गाली देते हुए सबक सिखाने तक की बात कही। यह भी कहा कि हाईकोर्ट से जमानत कैंसिल हो गई है। अब क्या करेगा। दरोगा ने यह भी कहा है कि अगर अब भी उससे आकर मिल लेता है, तो कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा।