संभल। सिरसी के मोहल्ला सराय सादक में बुखार से पीड़ित महिला की बुधवार की सुबह उपचार के दौरान मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला को डेंगू की पुष्टि हुई थी। इस मोहल्ले में कई और लोग बुखार से पीड़ित हैं। महिला की मौत के बाद से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
मोहल्ला सादक सराय निवासी खुर्शीद अनवर की पत्नी शबाना बेगम (32) को चार दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने पहले नगर के चिकित्सकों से उपचार कराया और आराम नहीं मिलने पर मुरादाबाद ले गए। जहां हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार मुरादाबाद में चिकित्सकों ने जांच कराई तो डेंगू होने की पुष्टि हुई। बुधवार की सुबह उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। महिला अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गई है। वहीं दूसरी ओर इस मोहल्ले में दो दर्जन से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में हैं। जिनका उपचार ज्यादातर झोलाछाप चिकित्सकों के माध्यम से चल रहा है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मच्छरों का प्रकोप है और फॉगिंग भी समय से नहीं कराई जाती है।