संभल/मढ़न। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को असमोली और मुबारकपुर गांव के अड्डे पर छापा मारकर चार क्लीनिकों को सील किया है। इस दौरान झोलाछाप तो मौके से भाग गए पर कुछ मरीज भर्ती मिले। जिन्हें बाहर निकालकर क्लीनिक को सील किया गया है। एक क्लीनिक पर छापे के दौरान नॉट फॉर सेल लिखीं कुछ दवाइयां भी मिली हैं, जो स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े कर रहीं हैं।
शुक्रवार दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग के डा. सौबीर सिंह बतौर नोडल अधिकारी की हैसियत से टीम के साथ मुबारकपुर गांव के अड्डे पर पहुंचे। टीम ने झोलाछाप के क्लीनिकों पर छापे मारे। इस दौरान कोई झोलाछाप तो नहीं मिला, लेकिन कुछ मरीज जरूर भर्ती मिले। डा. सौबीर ने बताया कि सेवा हेल्थ केयर सेंटर, अफ्शा चाइल्ड हेल्थ केयर, सहारा क्लीनिक को सील किया गया है। जबकि असमोली में डा. बंगाली के क्लीनिक को सील किया गया। एक क्लीनिक से नॉट फॉर सेल लिखीं दवाइयां मिलीं हैं। कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल
संभल। शुक्रवार को असमोली क्षेत्र में झोलाछाप के क्लीनिकों पर छापे मारे गए। डा .सौबीर ने नोडल अधिकारी की हैसियत से मुुबारकपुर अड्डे पर संचालित क्लीनिकों पर छापे मारे। एक क्लीनिक को सील करने के बाद आगे बढ़े तो पता चला कि उन्हें नोडल अधिकारी के पद से उन्हें हटा दिया गया है। इसके बाद झोलाछाप ने सील क्लीनिक को हाथों-हाथ ही खोल लिया। डा.सौबीर ने खुद इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छापे के बाद कार्रवाई के लिए हमने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन तबादला होने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस आनाकानी कर रही है, इस मामले में जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी।