बहजोई। जिले के चार विकासखंडों के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया गया। बुधवार को सुबह 11 बजे इसलामनगर रोड स्थित डीआर रिसोर्ट में विकासखंड गुन्नौर, जुनावई, रजपुरा व बहजोई के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया गया। इस बीच गुन्नौर विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम प्रधानों को उनके अधिकार व कर्तव्य की जानकारी देने को लेकर अभूतपूर्व फैसला लिया गया है।
सरकार की ओर से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसका लाभ सबसे गरीब व पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत त्रिस्तरीय पंचायतों की सबसे छोटी व महत्वपूर्ण इकाई है। ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायत को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में बनाने के लिए अपनी कार्य योजना का निर्माण करना चाहिए।
पारदर्शिता के साथ गांव में विकास कार्य कराए जाएं। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने ग्राम प्रधानों को उनके अधिकार एवं कर्तव्य का बोध कराया। कहा कि ग्राम प्रधान विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के कार्य कराए जाने समेत प्रत्येक बच्चे को स्कूल भेजने पर जोर दें।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का कम से कम 4 बार जांच कराने, नियमित टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण के लिए साफ सफाई आदि पर ध्यान दें। माह अक्टूबर से दिसंबर तक ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें की जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में आदर्श जलाशय तालाब का निर्माण, नालों का निर्माण, मरम्मत के कार्य आदि विकास कार्य कराए जाएं। सीएमओ डॉ. अजय कुमार सक्सेना, डीएसडब्ल्यूओ शैलेंद्र कुमार गौतम, सीवीओ मुन्नालाल, एसीएमओ डॉ. रामजीलाल, भूमि संरक्षण अधिकारी ओंकार सिंह व एडीओ राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।