संभल। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने वर्ष-2019 में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को लेकर संभल में हुए उपद्रव में दो लोगों की मौत की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी को जांच अधिकारी बनाया गया है। दरअसल, 20-दिसंबर-2019 को संभल में चंदौसी चौराहे पर नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की थी। इस उपद्रव में शहबाजपुरा खेड़ा निवासी 28 वर्षीय बिलाल पुत्र शरीफ व देहली दरवाजा निवासी 25 वर्षीय शहरोज पुत्र यामीन की गोली लगने से मौत हुई थी।
इस उपद्रव के दौरान पुलिस को बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ना पड़ा था। तीन रोडवेज बसों में आग लगा दी गई थी और पुलिस गाड़ियों पर भी पथराव हुआ था। इस प्रकरण की अब जांच अपर जिलाधिकारी केके अवस्थी करेंगे। अपर जिलाधिकारी का कहना है कि घटना के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कोई साक्ष्य प्रस्तुत करना है अथवा अपना बयान दर्ज कराना है तो वह 11 अक्तूबर की सुबह में 11 बजे अपर जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।