चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती सोमवार को पड़ोस की दूसरे समुदाय की युवती के साथ वोट डालने की बात कहकर गई थी, लेकिन वह शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने युवती की काफी तलाश की। कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार को परिजन अपने परिचितों के साथ कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने युवती की गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
एक मोहल्ले निवासी युवती की पड़ोस में रहने वाली दूसरे समुदाय की लड़की के साथ दोस्ती है। दोनों युवतियों दिन में काफी समय साथ-साथ बिताती थीं। सोमवार को मतदान के लिए युवती अपने परिजनों से वोट डालने की बात कहकर दोस्त के साथ गई थी। परिजनों ने सभी परिचितों व रिश्तेदारी में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। युवती का मोबाइल भी बंद आ रहा था।
मंगलवार सुबह युवती के परिजन परिचितों के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार को घटना से अवगत कराया। इस दौरान कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से युवती को बरामद करने की मांग की। मामला गर्माता देख पुलिस ने युवती के परिजनों से घटना की तहरीर लेकर गुमशुदगी दर्ज की है। दोपहर को दूसरे समुदाय की युवती की दो महिलाओं के परिजन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह उनकी पुत्री का फोन आया था कि शाम पांच बजे तक घर वापस आ जाएंगे। मगर रात आठ बजे तक युवतियां घर नहीं लौटीं।
दस फरवरी से गायब छात्रा घर नहीं लौटी, दी तहरीर
चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी छात्रा दस फरवरी को कोचिंग गई थी। मगर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजन शाम को कोतवाली पहुंची और घटना की जानकारी दी। तब पुलिस ने परिजनों से चुनाव के बाद आने की बात कही। मंगलवार को परिजनों ने कोतवाली पहुंच तहरीर दी है।
मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की पुत्री 11वीं की छात्रा है। वह दस फरवरी की सुबह 11 बजे एक कोचिंग सेंटर पर गई थी। मगर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने परिचित, रिश्तेदारों व छात्रा की सहेलियों से जानकारी की गई। मगर छात्रा का कोई सुराग नहीं लग। कोतवाली पुलिस ने छात्रा के परिजनों से 14 फरवरी को संपन्न होने वाले चुनाव के बाद आने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद परिजन कोतवाली से चले गए और छात्रा को ढूंढने के प्रयास किए। मगर मंगलवार तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।