सिरसी (संभल)। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को परिजनों ने गांव के ही प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ने के बाद जमकर पीटा। शुक्रवार की सुबह कमरे में मृत मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र एक गांव निवासी युवती का गांव के ही एक युवक से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बृहस्पतिवार की रात युवती के परिजन छत पर सो रहे थे। रात में किसी युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। शुक्रवार की तड़के आहट होने पर परिजन जागे तो दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया और दोनों को पीटना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही प्रेमी युवक छूटकर भाग गया। जबकि परिजनों ने युवती को जमकर पीटने के बाद कमरे में बंद कर दिया। शुक्रवार की सुबह युवती कमरे में मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने बताया कि युवती ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था जिसके चलते उसकी मौत हो गई। सुबह होने पर युवती मृत अवस्था में मिली। वहीं परिजनों का कहना है कि डांट से आहत होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि गांव में ऑनर किलिंग की चर्चा चल रही है। हजरतनगर गढ़ी थाने के प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि युवती अपने प्रेमी के साथ पकड़ी गई थी। यह जानकारी मिली है। पिता ने डांटा तो युवती ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।