चंदौसी। उत्तर भारत के सबसे बड़े गणेश मेलों में शुमार चंदौसी गणेश चौथ मेला सर्व धर्म समभाव के संदेश के साथ शनिवार की रात धूमधाम से शुरू हो गया। गणेश मंदिर से लेकर मेला ग्राउंड तक का रास्ता नन्हें बल्बों की रोशनी में नहा गया। द्वार पूजन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच विघ्न विनाशक श्रीगणेश का फूलडोला उठाया गया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच गणेश मेला ग्राउंड में पांचों धर्मों के प्रतिनिधियों ने मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा को मेले में स्थापित किया गया।
शाम को करीब सात बजे परंपरानुसार एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, सीओ पूनम मिश्रा, मेला संस्थापक डा. गिरिराज किशोर ने गणेश मंदिर पर मुख्य द्वार का फीता काटा। पंडित भूदेव शंखधार के मंत्रोच्चार के बीच द्वार पूजन किया गया। इसके बाद मंदिर के सामने बने मंच पर प्रभात कृष्णा के संचालन में सांस्कृतिक संध्या में जीके सिल्वर स्टोन, सत्यम एकेडमी, चंदौसी पब्लिक स्कूल व लोकेश डांस एकेडमी के बच्चों ने मनमोहक नृत्य किया। प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर माधव मिश्र, कमलेश चौधरी, प्रजीत लालू, विनय सराफ, हरि गोपाल, बसीमुद्दीन, हाजी नसीमुद्दीन, डा. जय शंकर दुबे, फूलप्रकाश वार्ष्णेय आदि कई लोग मौजूद रहे। इसके बाद मेला कमेटी के मनोज कुमार मीनू, अरविंद गुप्ता, लाल मोहम्मद शास्त्री, हाजी इश्तियाक बेग, वैद्य ब्रजनंदन शर्मा आदि ने गणेश जी का फूलडोला उठाया। इसके बाद फूलडोल का जुलूस गणेश मेला ग्राउंड की ओर रवाना हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु फूलडोल को सहारा देने के लिए उमड़ रहे थे। मेला ग्राउंड पर फीता तो राज्यमंत्री गुलाब देवी को काटना था लेकिन वह पहुंच नहीं सकी। इसके बाद सनातन धर्म से सौरभ मिश्रा, इस्लाम धर्म से हाजी अबरार हुसैन, ईसाई धर्म से आशुतोष सैमुअल, सिख धर्म से गुरुजीत सिंह, बौद्ध धर्म से कुंदन लाल भारती ने एक साथ फीता काटकर श्रीगणेश मेले का भव्य उदघाटन किया गया। इसके बाद फूलडोला मेला ग्राउंड में पहुंचा। मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीगणेश को मेला ग्राउंड में स्थापित करके पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान रविंद्र कुमार रूपी, डा. राजीव वार्ष्णेय, मनोज पाठक, शशिकांत गुप्ता, डा. टीएस पाल, केजी गुप्ता, पीके अग्रवाल, डा. रामप्रकाश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गणेश मेला 20 सितंबर तक चलेगा।
-----------------------------------------------
पहले दिन एसपी ने देखी सुरक्षा व्यवस्था
चंदौसी। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने श्रीगणेश मेला के पहले दिन शनिवार की देर शाम को मेला परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने मेला कोतवाली जाकर मेला इंचार्ज को दिशा निर्देश दिए। हालांकि मुख्यमंत्री के वीडियो कांफ्रेसिंग होने के कारण मेला उद्घाटन होने से पहले से ही चले गए।
-----------------------------------------------
आज होगा मां चिंतपूर्णी की झांकी का शुभारंभ
चंदौसी। श्रीगणेश मेला की शानदार शुरुआत होने के बाद रविवार को गजानन हाल परिसर में बनाई गई मां चिंतपूर्णी की सजीव झांकी का पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद द्वारा शाम को सात बजे उद्घाटन किया जाएगा। झांकी को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है।
--------------------------------------------
गणेश मेले में यह होंगे कार्यक्रम
तिथि समय स्थान कार्यक्रम
01 सितंबर- रात्रि 09 बजे गणेश मंदिर शिव विवाह
02 सितंबर- सुबह 05 बजे गणेश मंदिर महा पूजन
02 सितंबर- रात्रि 09 बजे गणेश आश्रम रास लीला/स्वांग
02 सितंबर- अपराह्न 02 बजे गणेश मंदिर गणेश रथयात्रा
03 सितंबर- शाम 07 बजे मेला ग्राउंड एक शाम शिप पिता के नाम
04 सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड युगल नृत्य/कैरम प्रतियोगिता
05 सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड ख्याल/कैरम प्रतियोगिता
06-सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड वन मिनट प्रतियोगिता
07 सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड सुरक्षेत्र गायन प्रतियोगिता
08 सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड ग्रुप डांस, चित्रकला प्रतियोगिता
09 सितंबर रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
10 सितंबर- रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड जल संरक्षण गोष्ठी, रस्सीकशी
11 सितंबर- शाम 05 बजे मेला ग्राउंड निराश्रित सम्मान समारोह
11 सितंबर रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड नरांतर वध लीला
12 सितंबर- सुबह 09 बजे राजघाट गणपति विसर्जन
13 सितंबर रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड एकल नृत्य प्रतियोगिता
14 सितंबर शाम 05 बजे मेला ग्राउंड गायन व मेहंदी प्रतियोगिता
15 सितंबर रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड वॉलीबुड नाइट
16 सितंबर- रात्रि 09 बजे मेला ग्राउंड कवि सम्मेलन
17 सितंबर- रात्रि 09 बजे मेला ग्राउंड कव्वाली
18 सितंबर रात्रि 08 बजे मेला ग्राउंड अंताक्षरी प्रतियोगिता
19 सितंबर- शाम 07 बजे मेला ग्राउंड चादर शरीफ, अंताक्षरी प्रतियोगिता
20 सितंबर- शाम 07 बजे मेला ग्राउंड पुरस्कार वितरण