असमोली और संभल में बुधवार को राशन वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने प्रधानों और राशन डीलरों से सीधा संवाद किया। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि अगर गरीबों को उनका हक न मिला तो प्रधानों और राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
संभल मंडी समिति में नगर क्षेत्र सिरसी और संभल के साथ-साथ संभल ब्लाक के कोटेदार और प्रधान आए जबकि असमोली में असमोली विकास खंड की ग्राम पंचायतों के प्रधानों और राशन डीलरों ने अपने मुद्दे उठाए। कार्यशाला के दौरान प्रधानों और राशन डीलरों के बीच हिस्सेदारी का संघर्ष सामने आया।
शिकायतों में उनकी आपसी खींचतान साफ नजर आ रही थी। कई नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों ने कोटेदारों पर तवज्जो न देने का आरोप लगाया। वहीं कोटेदारों ने कहा कि कुछ ग्राम प्रधान उनसे हिस्सा मांग रहे हैं। कोटेदारों ने सवाल किया उपभोक्ताओं को राशन बांटें या फिर प्रधान को हिस्सा दें?
इस तरह के मामले आने पर जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर कोटेदार मनमानी करे तो उसके खिलाफ खुली बैठक में प्रस्ताव लाएं और नया कोटेदार नियुक्त करें। यदि प्रधान मनमानी करते हैं उनके खिलाफ जांच होगी और प्रधान के अधिकार सीज किए जाएंगे। कार्यशाला में एसडीएम जेबी सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी संजय पांडेय, एआरओ अश्वनी मिश्रा ने भाग लिया।