संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला में मारपीट के बाद पथराव हो गया। इसमें बाप, दो बेटे समेत पांच लोग घायल हो गए। तीन घायलों का पुलिस ने मेडिकल कराया है। जबकि दो ऐसे घायल हैं, जिन्हें गुम और मामूली रुप से चोट आई हैं। पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मारपीट और पथराव की यह घटना रविवार की शाम की है।
दरअसल, मोहल्ला नाला में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देहली दरवाजा निवासी राजू राजमिस्त्री अपने भाई मुन्नू उर्फ वसीम, फुफेरा भाई जमीर और एक मजदूर गुलफाम के साथ मकान का निर्माण कार्य कर रहे हैं। आरोप है कि मकान के निर्माण के लिए यह लोग जो मसाला इत्यादि बनाते हैं, मोहल्ले का एक बालक उसे इधर उधर फेंक रहा था। रविवार की शाम गुलफाम ने बालक को डांट दिया था। यह बात मोहल्ले से गुजर रहे एक अन्य युवक को बुरी लगी तो उसने गुलफाम के साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर पथराव किया गया। जिसमें राजमिस्त्री राजू, मुन्नू उर्फ वसीम, जमीर और गुलफाम घायल हो गए। आरोप है कि राजू के पिता अकील अहमद बीच बचाव की कोशिश में पहुंचे, तो उन्हें भी मारा पीटा गया, जिससे वह भी घायल हो गए। इस दौरान किसी ने घटना की वीडियो बना ली। यह वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुन्नू, वसीम और गुलफाम चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।