फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संविलयन विद्यालय बेरनी के ऑफिस में लगी आग, रिकॉर्ड जला

विज्ञापन
विज्ञापन
कुढ़फतेहगढ़/चंदौसी। बनियाखेड़ा ब्लॉक के गांव बेरनी के संविलयन विद्यालय के कक्ष में मंगलवार रात में किसी समय आग लग गई। सुबह स्कूल पहुंचने पर धुआं उठता देखकर अध्यापकों व बच्चों ने पानी डालकर आग बुझाई। आग से बच्चों की नई व पुरानी किताबें, संदूक में रखा पुराना रिकॉर्ड व खेल का सामान जल गया। बंद कमरे में आग लगना और संदूक में रखा रिकॉर्ड पूरी तरह से जलना सवालों के घेरे में है। प्रधानाध्यापिका की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी।
विज्ञापन

थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बेरनी में उच्च प्राथमिक विद्यालय है। स्कूल की चाबी बच्चों के पास रहती है। बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बच्चे स्कूल पहुंचे। स्कूल खोलने पर अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया तो कक्षा सात के छात्र महेश ने फोन से प्रधानाध्यापिका स्वप्निल गुप्ता को सूचना दी। तुरंत ही प्रधानाध्यापिका स्कूल पहुंची और कक्ष का ताला खोला। पूरे कमरे में धुआं भरा हुुआ था। किताब व अभिलेखों में आग लग रही थी। प्रधानाध्यापिका ने छात्र-छात्राओं की मदद से पानी डालकर करीब आधा घंटे बाद आग पर काबू पाया और अपने उच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थोड़ी देर बाद ही शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंची। आग से कक्ष में रखी पुरानी किताबेें, कक्षा आठ के करीब छह बच्चों की नई किताबें, क्रिकेट व अन्य खेल का सामान, संदूक में रखा पुराना रिकॉर्ड (कैशबुक, टीसी, परीक्षाफल, रजिस्टर) आदि जल गए। प्रधानाध्यापिका स्वप्निल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर में अज्ञात कारणों से आग लगना बताया।
विज्ञापन

कमरा बंद, संदूक के अंदर के जले अभिलेख सवालों के घेरे में
कमरा पूरी तरह से बंद था। पुलिस व प्रधानाध्यापिका के मुताबिक कक्ष की बाहरी खिड़की में केरोसिन अथवा पेट्रोल डालकर आग लगाई गई होगी। हैरानी की बात यह है कि कमरे के अंदर बड़े संदूक के ऊपर रखी कुछ किताबें जल गईं। पास में ही छोटे संदूक में अभिलेख रखे थे। टीन का बंदूक पूरी तरह से बंद था। टीन के संदूक के अंदर रखे अभिलेख पूरी तरह से जल गए। आखिर बंद संदूक के अंदर तक आग कैसे पहुंची। इसका किसी के पास जवाब नहीं है।
छात्र ने आग की सूचना दी थी। आग से पुरानी किताबें, संदूक में रखा पुराना रिकॉर्ड, खेल का सामान, कक्षा आठ के पांच-छह बच्चों की नई किताबें जल गई हैं। संभावना है कि खिड़की से केरोसिन या पेट्रोल डालकर आग लगाई गई होगी। तहरीर पुलिस को दे दी गई है। नया रिकॉर्ड अलमारी में रखा था। वह सुरक्षित है।
स्वप्निल गुप्ता, प्रधानाध्यापिका संविलयन विद्यालय बेरनी
आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। मैंने प्रधानाध्यापिका को निर्देश दिए हैं कि वह आग से बचे सभी अभिलेखों की फोटोकॉपी कराकर विद्यालय में रखे लें। मूल अभिलेखों को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराएं। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
विज्ञापन

दीपिका चतुर्वेदी, बीएसए, संभल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें