नरौली। कस्बा के मोहल्ला पीपलवाला में दो मोबाइल दुकानदारों में रेट को लेकर गाली गलौज के बाद विवाद हो गया और जमकर मारपीट हुई। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घटना के दौरान हवाई फायर होने से बाजार में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन दुकानों के शटर गिरने से कुछ ही देर में बाजार बंद हो गया। मौके पर पहुंचे सीओ व थाना बनियाठेर पुलिस ने जानकारी की। घायलों को उपचार के लिए चंदौसी सीएचसी भेजा गया है।
कस्बे के मोहल्ला पीपलवाला में कुछ दूरी के फासले पर नाजिम व राशिद दोनों की मोबाइल की दुकानें हैं। शुक्रवार की सुबह एक ग्राहक ने दोनों दुकानों पर पहुंच मोबाइल के रेट की जानकारी की। इसके बाद वह ग्राहक बिना मोबाइल लिए चला गया। ग्राहक को कम व अधिक रेट बताने को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। मारपीट की घटना में एक पक्ष के मोहम्मद नाजिम, दूसरे पक्ष के बिट्टन मलिक, राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष के युवक ने तमंचे से तीन हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर बाजार में दहशत व्याप्त हो गई और दुकानों के शटर गिरने शुरू हो गए।
कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ गोपाल सिंह व बनियाठेर प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की जानकारी कर घायलों को उपचार के लिए चंदौसी सीएचसी भेजा। फिलहाल घटनास्थल पर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। दोनों पक्षों के लोग थाना बनियाठेर में मौजूद थे तथा देर रात तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी।