संभल/बहजोई। महिला सिपाही ने पैरामिलिट्री फोर्स में तैनात पति के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा बहजोई थाने में दर्ज कराया है। महिला सिपाही संभल पुलिस कार्यालय में तैनात है। तीन वर्ष पहले ही महिला सिपाही की पैरामिलिट्री फोर्स के जवान से शादी हुई थी।
बृहस्पतिवार को जिला बिजनौर के थाना नूरपुर अंतर्गत गांव राम रहटी निवासी ज्योति ने बिजनौर निवासी अपने पति सौरभ के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला सिपाही का आरोप है कि दिसंबर 2018 में शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति दहेज के नाम पर प्रताड़ित कर रहा था। अब मारपीट की और दहेज की मांग की। महिला सिपाही ने बहजोई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला सिपाही संभल जिले में बहजोई स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात है। चंदौसी पुलिस क्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह ने बताया कि महिला सिपाही की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।