चंदौसी। मुआवजे की दर के सवाल पर किसानों का धरना तहसील मुख्यालय पर जारी है लेकिन अधिकारियों ने वार्ता करके समाधान नहीं निकाला। इसलिए आक्रोश है। यह बात धरना दे रहे किसानों ने कही।
राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों का धरना मंगलवार को शुरू हुआ था। समिति के मुरादाबाद मंडल के अध्यक्ष रामपाल सिंह के नेतृत्व में चौथे दिन शुक्रवार को किसानों ने कहा कि मुआवजा की दर तय करते समय सर्किल रेट के नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए धरना स्थल पर चौथे दिन तक कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आए। इसलिए किसान आक्रोशित हैं। अगर यही रवैया रहा तो राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा जल्दी ही महापंचायत का आयोजन तहसील परिसर में करेंगे। उन्होंने बताया कि इसमें बिजली की समस्या और भूमि अधिग्रहण से पैदा हो रही दिक्कतों पर निर्णय लिया जाएगा। धरने में बार-बार फाल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा भी उठा। किसानों ने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग प्रमुखता से उठाई। अमर सिंह तोमर, लेखराज मौर्य, महावीर सिंह, उदय पाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, चीनू जैन, विपिन कुमार, जिला अध्यक्ष राहुल कश्यप आदि किसान मौजूद रहे।
यह है मामला
जारई स्थित प्लेज पार्क को मुरादाबाद आगरा हाईवे से फोर लेन कनेक्टिविटी देने के लिए जमीन का अधिग्रहण होना है। प्रशासन चार गुना मुआवजा दे रहा है लेकिन किसानों का आरोप है कि प्लेज पार्क के 50 मीटर के दायरे में जो जमीन है उसका मुआवजा उसी दर से दिया जाए जो दर प्लेज पार्क के आसपास की जमीन पर लागू होती है। वहीं दूसरी ओर एसडीएम नीतू रानी ने कहा है कि धरने के पहले दिन ही संगठन के पदाधिकारियों को बता दिया था कि यहां से कुछ नहीं होने वाला है। इनकी डिमांड थी कि कृषि का चार गुना मुआवजा दिया जाए। उसी के आधार पर ये तय हो गया था। अब इन्हें कोई आपत्ति देनी है तो जिला मुख्यालय पर जाकर दे सकते हैं।