संभल। नगर पालिका क्षेत्र में तैनात सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तय अवधि में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आरोप है कि सफाई निरीक्षक दोपहर बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लेते हैं, जिसके बाद संपर्क नहीं हो पाता। इससे सरकारी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। जिसके बाद सफाई निरीक्षक को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामपाल यादव ने बताया कि सफाई निरीक्षक मोहम्मद इकबाल की शिकायतें आ रही थीं। सफाई कार्य में भी वह रुचि नहीं ले रहे थे। दोपहर बाद में उनका फोन बंद हो जाता है। लगातार उनसे कहा गया लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। सरकारी कार्यों में दिक्कत आने लगी। जिसके चलते स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेतावनी दी है कि यदि स्पष्टीकरण तय समय में नहीं आया तो अगली कार्रवाई की जाएगी।