असमोली (संभल)। रोशन सिंह चौहान स्मारक महाविद्यालय टांडा कोठी में चल रहे एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स को आपदा प्रबंधन, कोरोना प्रबंधन व जलवायु प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। राष्ट्रीय कैडे्ट कोर के कैडेट्स का किस प्रकार आपदा के तीनों चक्रों यानि आपदा से पूर्व, आपदा के दौरान एवं आपदा के बाद क्या योगदान रहता है, इसके बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
शुक्रवार को रोशन सिंह चौहान महाविद्यालय में चल रहे एनसीसी के प्रशिक्षण शिविर में डॉ. सविता ने मानव निर्मित और प्राकृतिक आपदाओं के विषय में जानकारी दी। नायब सूबेदार जीवराज सिंह ने ड्रिल के अंतर्गत तेज चाल से बाएं मुड़ और पीछे मुड़ का अभ्यास कराया। सूबेदार शकील अहमद ने भारत में निर्मित इंसास राइफल के बारे में जानकारी दी। सूबेदार टी रेड्डी ने फायर कंट्रोल और उसके प्रकार के बारे में बताया। अग्निशमन विभाग के नेपाल सिंह, विमल कुमार और संजीव कुमार ने कैडेट्स को आग बुझाने के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी गई।
नायब सूबेदार सुभाष चंद्र ने एनसीसी कैंपों के प्रकार और उन्हें आयोजित करने के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी। जिले के यातायात प्रभारी अनुज मलिक ने सड़क सुरक्षा के अंतर्गत अपनाए जाने वाले विभिन्न नियमों की जानकारी दी। एआरटीओ अम्ब्रीश कुमार ने हेलमेट के प्रयोग और वैद्य ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने और दंड के प्रावधानों को लेकर समझाया। अंत में सीडीएस जनरल बिपिन रावत को कैंडल मार्च के माध्यम श्रद्धांजलि दी गई।