चंदौसी (संभल)। बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर की चौकी बर्रई के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में विद्युत कर्मचारी की मौत हो गई। सीएचसी में मृतक के परिजनों की चिकित्सक व पुलिस से नोकझोंक हुई। आरोप था कि 108 एंबुलेंस चालक ने परिजनों के कहने पर घायल को निजी नर्सिंगहोम में नहीं दिखाया। बाद में परिजन सीएचसी से शव अपने घर ले गए।
बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर के गांव मियांपुर दियोरा निवासी स्योराज सिंह मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा बिजली घर में एसएसओ के पद पर तैनात थे। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे वह अपनी ड्यूटी कर बाइक से घर जा रहे थे। जब वह चंदौसी-इस्लामनगर रोड स्थित बर्रई पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस घायल को सीएचसी ले लाई। यहां चिकित्सक ने देखते ही विद्युत कर्मी को मृत घोषित कर दिया। विद्युत कर्मी की मौत से क्षुब्ध पुत्र धर्मेंद्र, भतीजे अजय व रोहित ने बताया कि 108 एंबुलेंस सूचना के एक घंटे बाद पहुंची।
परिजनों ने एंबुलेंस चालक से विद्युत कर्मी का निजी नर्सिंगहोम में उपचार कराने की बात कही, तो वह उसने इनकार कर दिया और सीएचसी में उपचार कराने की बात कही। सीएचसी में चिकित्सक से 108 एंबुलेंस चालक की शिकायत की तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो मृतक के परिजन पुलिस से नोकझोंक करने लगे।
करीब एक घंटा नोकझोंक के बाद परिजन शव को घर ले गए। घटना की सूचना पर स्योराज सिंह की पत्नी विमला देवी, पुत्री रजनी, रश्मि व पुत्र धर्मेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल था।