संभल में दूल्हा एक दिन पहले ही निकाह करने के लिए बरात लेकर चल पड़ा। रास्ते में पता चलने पर सभी लाैट आए। बरात आने की सूचना पर दुल्हन पक्ष के हक्के बक्के रह गए।
शादी की निर्धारित तारीख से एक दिन पहले ही बरात लेकर दूल्हा के साथ बरातियों का काफिला दुल्हन के घर की ओर निकल पड़ा, लेकिन रास्ते में ही पता लगा कि शादी तो अगले दिन है। ऐसे में बरात रास्ते ही वापस लौट गई।
विज्ञापन
अगले दिन यानी कि रविवार को शादी की सभी रस्में अदा कर दुल्हन को विदा कराकर बरातियों संग दूल्हा अपने घर लौटा। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। दरअसल, शादी की तय तारीख को लेकर हुई गलतफहमी ने पूरा मामला उलझा दिया।
हुआ यह कि मोहल्ला मासूम अली निवासी नजाकत के बेटे मुनाजिर की शादी के लिए 30 नवंबर की तारीख तय थी। लड़की पक्ष की ओर से 29 और 30 नवंबर को लेकर स्पष्ट जानकारी न मिलने से दूल्हा पक्ष 29 नवंबर शनिवार को ही बस और अन्य गाड़ियों में पूरे इंतज़ाम के साथ बरात लेकर निकल पड़ा।
विज्ञापन
नगर से बाहर कुछ दूरी पर जाने के बाद बरातियों को जानकारी मिली कि शादी की वास्तविक तारीख 30 नवंबर है। इस पर सभी बराती हतप्रभ रह गए और सज-धज कर निकली बरात वहीं से वापस घर लौट आई।
इसके बाद रविवार की दोपहर दूल्हा पक्ष निर्धारित तारीख को बारात लेकर लड़की पक्ष के दरवाजे पहुंचा। शादी संपन्न होने के बाद दुल्हन को विदा कर दूल्हा बरात के साथ घर पहुंचा। यह घटनाक्रम नगर में चर्चा का विषय बना रहा।