चंदौसी। शनिवार की सुबह हुई बूंदाबांदी से ठंड व गलन बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया। ठंड से बाजार भी खाली-खाली नजर आया। ग्रामीण क्षेत्र से भी लोग खरीदारी करने नहीं पहुंचे।
शनिवार की सुबह छह बजे शुरू हुई बूंदाबांदी करीब नौ बजे तक जारी रही। बूंदाबांदी से ठंड व गलन में हुई वृद्धि से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। शनिवार को अधिक ठंड होने के कारण बाजारों में भी सन्नाटा पसरा नजर आया। पूरे दिन दुकानदार अपने हाथ पर हाथ रखे ग्राहकों के इंतजार बैठे रहे। बाजारों में व्यापारियों ने अलाव से ठंड दूर करने का प्रयास किया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी करने आने वाले ग्रामीण भी कम ही संख्या में पहुंचे। शनिवार को एक एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पंतनगर विवि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरके सिंह ने बताया कि रविवार व सोमवार को बादल छाए रहेंगे और बारिश का अनुमान है।