बहजोई कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों संग बैठक करते जिला निर्वाचन अधिका?
- फोटो : CHANDAUSI
बहजोई। विधानसभा चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था बेहतर की जाए। यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कही है। वह मतदान समेत दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
मंगलवार को दोपहर चार बजे करीब कलक्ट्रेट सभागार में प्रारंभ हुई बैठक में डीएम ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मतदान कर्मियों को खाने व पेयजल आदि की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। साथ ही वाहन चालकों व परिचालकों को रूट प्लान की पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों के निजी वाहनों की पार्किंग व सुरक्षा की व्यवस्था भी की जाए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर बैरीकेडिंग, विद्युत व टेंट आदि व्यवस्था चौबंद रहें। बड़े वाहनों के आवागमन को लेकर सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
बीएसए से कहा कि प्रत्येक बूथ पर मतदान कर्मियों को भोजन की व्यवस्था में सहयोग किया जाए। डीपीआरओ से कहा कि प्रत्येक विद्यालय में अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई जाए। स्वीप के तहत सभी अधिकारी अभियान चलाकर मतदान जागरूकता कार्यक्रम को लेकर सक्रियता दिखाएं। इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर थर्मल स्कैनर, मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाए। साथ ही मतदान के दौरान बायोमेडिकल वेस्ट डस्टबिन भी प्रत्येक बूथ पर रखवाए जाएं। इसके अलावा डीएम ने लेखन सामग्री, आदर्श आचार संहिता, नामांकन पत्रों की तैयारी, क्रिटिकल बूथ, डाक मतपत्र, शिकायत प्रकोष्ठ, वेब कास्टिंग, सीसीटीवी कैमरे, आदर्श व पिंक बूथ, निर्वाचन कंट्रोल रूम व मीडिया सेल आदि को लेकर भी प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस बीच सीडीओ उमेश कुमार त्यागी, एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी समेत सभी प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।