संभल। रजपुरा ब्लाक क्षेत्र के गांव लहरारतू में भाकियू महाशक्ति के पदाधिकारियों ने बुधवार को गांव में घूम रहे छुट्टा गोवंशीय पशुओं को एकत्रित करके प्राथमिक विद्यालय में बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।
कहा कि खंड विकास अधिकारी ने एक माह पहले गांव के सभी छुट्टा गोवंशीय पशुओं को गोशाला भिजवाने का आश्वासन दिया था लेकिन एक माह से अधिक समय बीत गया पर इन्हें भिजवाया नहीं जा सका। छुट्टा पशु अभी भी खुले में घूम रहे हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रामवीर सिंह यादव ने कहा कि किसान छुट्टा पशुओं से अपनी फसलों को बचाने में दिन रात जंगल में पड़ा हुआ है। ऐसी भीषण ठंड में किसान जंगल में अपनी फसलों की रखवाली करते हैं। फिर भी छुट्टा पशु फसलों को नष्ट कर रहे हैं। छुट्टा पशुओं को विद्यालय में बंद करने पर अध्यापक पहुंच गए और उन्होंने समझाया। इसके बाद किसानों ने पशुओं को विद्यालय से बाहर निकाला। उनका कहना है कि यदि जल्द ही समाधान न हुआ तो विद्यालय को ही स्थायी गोशाला बना दिया जाएगा। इस दौरान रामवीर सिंह, राकेश, जय सिंह आदि मौजूद रहे।