गवां(संभल)। उधरनपुर गांव में ईंट भट्ठे के नजदीक एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पेड़ से शव को नीचे उतारा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों में रोरो कर बुरा हाल है। सोमवार की शाम छह बजे करीब ग्रामीणों ने गमछे के सहारे पेड़ से शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो युवक की पहचान अमरोहा जिले के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव सरथला निवासी भीमसेनी (35) पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक सोमवार की सुबह गांव आदमपुर रिश्तेदारी में आया था। परिजनों ने किसी भी परेशानी से इनकार किया है जिससे युवक आत्महत्या करता। वहीं दूसरी ओर मौके से पुलिस को युवक की बाइक भी मिली है। परिजनों की सहमति पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रजपुरा थाना इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता लग जाएगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।