बबराला/रजपुरा। रजपुरा स्थित ओम शांति नर्सिंग होम में शुक्रवार की रात प्रसव के दौरान दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलवाकर नर्सिंगहोम को सील करा दिया। नर्सिंग होम के संचालक दुर्गेश यादव के खिलाफ रजपुरा थाने में तहरीर दी गई है। दोनों शिशुओं के परिजनों ने भी अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। उससे पंजीकरण के दस्तावेज मांगे गए हैं।
गांव जिजौड़ा डांडा के अशोक शर्मा शुक्रवार की रात पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर ओम शांति नर्सिंगहोम में लेकर आए। जहां प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। गांव गुरेठा के किरनपाल भी पत्नी कमलेश को प्रसव के लिए इसी नर्सिंगहोम में लेकर आए। जहां एक शिशु का जन्म हुआ, लेकिन कुछ समय बाद उसकी भी मौत हो गई। दोनों के परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद अस्पताल संचालक और चिकित्सक अस्पताल बंद करभाग गए। यह शिकायत पुलिस और एसडीएम से की गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम ओमवीर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह ने अस्पताल को सील कर दिया।