दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने शराब का कलेक्शन करते समय कैश कलेक्शन मैनेजर को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया, जबकि साथी को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश पौने दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस समेत आला अफसर मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की। इस बीच घायलों को आननफानन उपचार के लिए ले जाया गया। वारदात बहजोई संभल मार्ग पर स्थित गांव भवन पर हुई।
मंगलवार को शराब के एरिया मैनेजर इंद्रपाल अपनी बोलेरो में सवार होकर अपने साथी झंडू सिंह के साथ शराब के रुपयों का कलेक्शन करके पवांसा की ओर से बहजोई की ओर लौट रहा था। शाम सवा सात बजे करीब एरिया मैनेजर ने रुपये का कलेक्शन करने के लिए गांव भवन स्थित शराब के ठेके पर अपनी बोलेरो रोकी। जैसे ही वह अपने साथी झंडू सिंह के साथ गाड़ी से उतरे तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने आ गए और रुपयों का थैला छीनने लगे। विरोध किया तो एरिया मैनेजर को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया, जबकि झंडू सिंह पर गोली चला दी। इसके बाद बदमाश रुपयों से भरा थैला लेकर वहां से फरार हो गए। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वारदात की जानकारी ली। इस बीच आनन-फानन दोनों घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाया गया। एरिया मैनेजर के मुताबिक बदमाश हमला करके पौने दो लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस के प्रभारी कोतवाल अजय धामा आसपास बदमाशों की तलाश में जुट गए। सूचना पर सीओ चंदौसी डा. केके सरोज, एएसपी पंकज पांडेय व एसपी यमुना प्रसाद मौके पर पहुंचे और बदमाशों की कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके। एसपी ने तीन टीमें बनाकर रात में दोपहिया वाहनों की चेकिंग कराई।