इस मौके पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों ने जब मंत्री से यह सवाल किया कि दिन में क्यों नहीं आए। तो उन्होंने इसका सीधा जवाब दिया कि दिन में आते तो लाइन में लगना पड़ता।
उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नवाब इकबाल महमूद और उनके बेटे सुहेल इकबाल तथा फैज इकबाल का खाता संभल के एचडीएफसी बैंक में है। कैबिनेट मंत्री बुधवार को शाम 6.30 बजे बैंक शाखा में पहुंचे। उनके साथ उनके दोनों बेटे भी थे। बैंक में उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट मिला। करेेंसी एक्सचेंज से पहले शाखा प्रबंधक के केबिन में उनके लिए चाय की भी व्यवस्था उनके लिए की गई थी। आवभगत के बाद बैंक के काउंटर पर खड़े होकर कैबिनेट मंत्री करेंसी एक्सचेंज की।
उनके बेटों ने भी चार-चार हजार रुपये एक्सचेंज किए। कुल 12,000 रुपये का करेंसी एक्सचेंज किया गया। इसी दौरान सपा के जिलाध्यक्ष फिरोज खां के परिजन भी करेंसी एक्सचेंज के लिए पहुंचे। इस बारे में जब सपा जिलाध्यक्ष गया तो उनका भी कहना था कि दिन में भीड़ थी। इसीलिए उनकी भाभी और बेटा शाम को बैंक गए थे, जब यह लोग बैंक पहुंचे तो बैंक में ट्रांजेक्शन चल रहे थे। इसलिए उनके परिजनों को भी विड्राल का मौका मिला।
संभल। एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक मोहम्मद जावेद खान ने कैबिनेट मंत्री को वीआईपी ट्रीटमेंट देने से इनकार किया। उनका कहना था कि बैंक में बुधवार को शाम 4.30 बजे नई करेंसी आई थी। इसके चलते शाम 6.30 बजे तक लेनदेन चल रहे थे। इसी बीच कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद बैंक शाखा पर पहुंचे।
गेट पर पहुंचते ही बैंक के गार्ड ने उन्हें बैंक में ले लिया। क्योंकि उस समय ट्रांजेक्शन भी चल रहे थे। दो तीन लोग काउंटर पर पहले से थे। कैबिनेट मंत्री उनके पीछे कतार में लग गए। कतार में खड़े होकर कैबिनेट मंत्री ने करेंसी एक्सचेंज में 4,000 रुपये लिए है। कैबिनेट मंत्री के दोनों बेटों ने भी 4000-4000 रुपये एक्सचेंज किए हैं। जबकि सपा जिलाध्यक्ष के परिवार से एक सदस्य ने 10,000 रुपये का विड्राल किया है। जहां तक चाय पिलाने के सवाल है-स्वागत करना बैंक की परंपरा है।
बहजोई। नगर की बैंकों में पिछले दो दिनों से यह आलम है कि बैंक प्रशासन की ओर आम उपभोक्ताओं को कैश खत्म होने की बात कहकर बाद में रसूखदारों को धनराशि का भुगतान किया जाता है। बुधवार को शाम प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मय पुलिसफोर्स के पुराना डाकखाना रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में पहुंचे और शाखा प्रबंधक से नोट बदलने व जमा करने की व्यवस्था में सुधार किए जाने की बात कही। यह बात दीगर है कि उस समय नगर के कुछ ऐसे रसूखदार लोग बैंक में मौजूद थे, जो कि पिछले कई दिनों से लगातार बैंक में देखे जा रहे हैं।