असमोली थाना क्षेत्र के शहवाजपुर कलां गांव में शुक्रवार की रात को झगड़े के दौरान बीकॉम के छात्र के सिर में डंडा लग गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। शनिवार को उपचार के दौरान मुरादाबाद के निजी अस्पताल में छात्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहवाजपुर कलां गांव निवासी मोहम्मद याकूब और अख्तर के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच लाठी-डंडे चले।
वहीं पास में ही खड़ा जाहिद हुसैन का 19 वर्षीय पुत्र अब्दुल माजिद झगड़ा देख रहा था। तभी एक डंडा उसके सिर में लग गया। अब्दुल माजिद ने अपने घर आकर सिर में डंडा लगने की बात कही। सिर में खून नहीं निकला तो परिवार वालों ने भी गंभीरता से नहीं लिया। रात में अब्दुल माजिद उठा और परिवार वालों से सिर में दर्द होने की बात कही। परिवार वालों ने सुबह दवा दिलवाने को कहा। शनिवार को सुबह अब्दुल माजिद का बीकॉम की परीक्षा थी।
अब्दुल माजिद चारपाई से नहीं उठा तो पिता ने उसे उठाने की कोशिश की। अब्दुल माजिद बेहोशी की हालत में था। थानाध्यक्ष योगेंद्रकृष्ण यादव ने बताया कि छात्र को उसके परिवार वाले शनिवार को सुबह थाने लाए। उसके पिता की तहरीर पर अख्तर के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली गई थी। हालत गंभीर देख छात्र के परिवार वालों ने उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
क्षेत्र के शहवाजपुर कलां गांव में शुक्रवार की रात मोहम्मद याकूब व अख्तर के बीच झगड़े में अब्दुल माजिद के सिर में डंडा लग गया था। शनिवार को सुबह छात्र की मौत की खबर सारे गांव में फैल गई। यह सुनकर मोहम्मद याकूब व अख्तर दोनों के परिवार वाले ही घर से फरार हो गए। पुलिस दोनों गुटों के घरों पर गई थी लेकिन कोई नहीं मिला।