मृतका की उम्र करीब तीस वर्ष बताई जा रही है। उसका एक हाथ भी काट कर हत्यारे अपने साथ ले गए हैं। उसका शव नग्नावस्था में हैं, इसलिए उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। शव की शिनाक्त नहीं हो सकी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में असदपुर की कटरी गांव से करीब एक किलो मीटर दूर खेतों में शुक्रवार को एक करीब तीस वर्षीय महिला का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर देखने से पता चला कि करीब दस मीटर क्षेत्र में कई स्थानों पर खून पड़ा है।
महिला के कपड़े अलग पड़े थे, उसका दाहिना हाथ भी गायब था। शायद हत्यारे ही हाथ काट ले गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर 315 बोर का तमंचा भी था, उसकी कपनटी पर गोली मारे जाने का भी निशान लग रहा था। हालांकि कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह यादव ने बताया कि मृतका के शरीर पर और कोई घाव नहीं था, सिर्फ उसका दाहिना हाथ कटा था। जिसे हो सकता है पशुओं ने खा लिया हो। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। शिनाख्त के लिए 48 घंटे तक शव रखा रहेगा।
गुन्नौर। असदपुर की कटरी के निकट स्थित जिस स्थान पर अज्ञात महिला का शव मिला, वहां से गंगा तट रामघाट (बुलंदशहर) की दूरी भी सिर्फ एक किलो मीटर ही है। अधिक संभावना है कि महिला बुलंदशहर जिले की हो सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि करीब दस मीटर के दायरे में रक्त पड़ा है, जिससे लगता है कि हत्या यहीं पर हुई, उसकी कनपटी पर गोली लगने का निशान है, कारतूस भी मौके पर पड़ा है। शायद महिला के हाथ पर किसी का नाम गुदा हुआ था, इसलिए ही हत्यारे उसका हाथ काट ले गए होंगे।