एक कर्मचारी को बंधक बनाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारी को लोगों के कब्जे से मुक्त कराया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज हुई है लेकिन किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
शहर से सटे मोहल्ला नीम वाली नई बस्ती में रविवार को कार्यवाहक एसडीओ अमरपाल, अवर अभियंता रघुनाथ, लाइनमैन राजेंद्र, लाइनमैन रियाजुल व लाइनमैन अमरपाल को साथ लेकर ट्रांसफार्मर ठीक करने गए थे। तीनों लाइनमैन ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग आए और बिजली न मिलने को लेकर आक्रोश व्यक्त करने लगे। इनकी बिजली कर्मचारियों से पहले कहासुनी हुई। इसमें एक दो लोग ज्यादा ही उत्तेजित थे जब कर्मचारियों ने सफाई देनी चाहिए तो लोग आक्रोशित हो गए।
कुछ ही देर में कई लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और बिजली कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ लोगों ने कर्मचारियों पर पथराव किया। मौके पर अफरतफरी और हंगामे भरा माहौल बन गया। कर्मचारी अपनी जान बचा कर भागे। इसमें लाइनमैन राजेंद्र को लोगों ने पकड़ लिया। उसे कमरे में बंद कर दिया। मौके से भागे बिजली कर्मचारियों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस तत्काल पहुंची।
पहले राजेंद्र को मुक्त कराया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। अवर अभियंता रघुनाथ सिंह की तहरीर पर परशुराम, राजाराम, मुखिया, सौरभ, मोहित के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई है।